Report - सैफ ख़ान
कानपुर नगर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को थाना बजरिया पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने मिशन शक्ति फेज-6 के प्रथम चरण के तहत क्षेत्र की सम्मानित महिलाओं के साथ पैदल जागरूकता मार्च निकाला। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
पैदल मार्च की शुरुआत खटीकाना पार्क से हुई। इसके बाद रैली कर्नलगंज, लुधौरा और पुरानी शराब गद्दी होते हुए वसीरगंज चौराहे पर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्च में महिलाओं की टोलियां बनाकर उन्हें नारी सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को 1090, 1076, 1098, 112 और 181 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही UPCOP ऐप से मिलने वाली जनसुविधाओं और व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक एवं इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी बताया गया।
पुलिस ने महिलाओं को सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम और घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम के बारे में भी जानकारी दी गई।
अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को निर्भीक होकर अपनी समस्याएं सामने रखने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन भी दिया।
मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना है।
