Type Here to Get Search Results !

कानपुर में सेवा और जनकल्याण कार्यक्रमों का आयोजन, जरूरतमंदों तक पहुंचाया सहयोग का संदेश


कानपुर, 2 अक्टूबर 2026। श्री गोविंद हरि सिंघानिया मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट, कानपुर की ओर से श्री गोविंद हरि सिंघानिया जी की स्मृति में 2 अक्टूबर को विभिन्न सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सहयोग, सम्मान और आत्मीयता का संदेश पहुंचाया गया।

कार्यक्रमों की शुरुआत जेके मंदिर में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग शिविर से हुई। इसके बाद डॉ. गौरी हरि सिंघानिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च, कमला नगर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।


वहीं नौबस्ता और नेहरू नगर स्थित ब्लाइंड स्कूलों में पानी की बोतलें और बेडशीट वितरित की गईं। पनकी स्थित वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को राशन किट प्रदान की गई।

बच्चों के पोषण, शिक्षा और विकास को ध्यान में रखते हुए राजापुरवा, नारायणपुरवा और शास्त्री नगर के प्राथमिक विद्यालयों में भोजन के साथ खिलौने, प्राथमिक चिकित्सा किट और स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। इसके अलावा राजकीय बाल गृह बालक, बिठूर में भी भोजन वितरण किया गया।


मर्चेंट चैंबर ऑफ उत्तर प्रदेश में खिचड़ी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। साथ ही कैंट और सिविल लाइंस स्थित श्री गोविंद हरि सिंघानिया स्किल डेवलपमेंट सेंटर में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया।

ट्रस्ट के अनुसार, इन सेवा कार्यों का उद्देश्य जरूरतमंदों को सहायता देने के साथ-साथ उनमें सम्मान, संवेदना और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना है।

ट्रस्ट ने कहा कि सेवा और सशक्तिकरण की यह भावना किसी एक दिन तक सीमित न रहकर निरंतर सामाजिक सेवा के माध्यम से आगे बढ़ती रहे, यही श्री गोविंद हरि सिंघानिया जी की स्मृति को सार्थक श्रद्धांजलि है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.