Type Here to Get Search Results !

सौर ऊर्जा से रोशन होगा रामपुर भीमसेन, बनेगा सोलर मॉडल ग्राम


कानपुर नगर। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत कल्याणपुर विकासखंड के ग्राम रामपुर भीमसेन को सोलर मॉडल ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। गांव में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 110.48 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव है। शुक्रवार को जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में शिविर कार्यालय में आयोजित बैठक में परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का अनुमोदन किया गया। इसके साथ ही गांव में सौर ऊर्जा आधारित सुविधाओं के विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

ग्राम रामपुर भीमसेन का चयन मई 2025 में सोलर मॉडल ग्राम के रूप में किया गया था। इसके बाद नई दिल्ली स्थित बसुधा फाउंडेशन ने गांव का सर्वेक्षण एवं आवश्यक अध्ययन कर नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) के निर्धारित मानकों के अनुरूप डीपीआर तैयार की। बैठक में यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी ने डीपीआर का प्रस्तुतीकरण किया। विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श के बाद जिलाधिकारी ने इसे अनुमोदित करते हुए संबंधित अधिकारियों को आगामी प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

परियोजना के अंतर्गत गांव में कुल 110.48 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाने का प्रस्ताव है। इसकी कुल अनुमानित लागत 1 करोड़ 28 हजार 13 रुपये है। इसमें 96 लाख 62 हजार 945 रुपये केंद्रीय वित्तीय सहायता के रूप में प्रस्तावित हैं, जबकि 3 लाख 65 हजार 68 रुपये का अंशदान स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा। परियोजना के क्रियान्वयन से गांव में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा और सार्वजनिक सुविधाओं में सौर ऊर्जा की भागीदारी बढ़ेगी।
योजना के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जनपद में एक गांव को सोलर मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। इसके लिए भारत सरकार द्वारा प्रति ग्राम एक करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने के साथ पंचायत भवन, अन्य पात्र सरकारी भवनों एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को सौर ऊर्जा आधारित सुविधाओं से सुसज्जित करना है। रामपुर भीमसेन में इस परियोजना के क्रियान्वयन से ग्रामीण स्तर पर स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जे. जैन, यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी श्री राकेश, जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.