जमीयत उलेमा के पदाधिकारियों का पुलिस अधिकारियों के साथ जुलूस के रूट का सर्वे
कानपुर :- जमीयत उलेमा के ज़ेरे एहतमाम 12 रबीउल अव्वल को उठाये जाने वाले जुलूस मुहम्ममदी स0अ0व0 जिसे एशिया का सबसे महान जुलूस होने को गौरव प्राप्त है, को पुरानी परम्परा के अनुसार अमन सुकून से मंजिल तक पहुंचाने के लिये प्रशासन के एडि. डी.सी.पी. वेस्ट, ए.सी.पी. अनवरगंज, ए.सी.पी. कोतवाली, एस.एच.ओ अनवरगंज, एस.एच.ओ बजरिया, चमनगंज, फीलखाना, मूलगंज व जमीयत के पदाधिकारियों के साथ जमीयत उलेमा के नगर अध्यक्ष डा. हलीमुल्लाह खां ने जुलूस के रूट का सर्वे किया।
कानपुर शहर से 12 रबीउल अव्वल को निकाला जाने वाला जुलूस देश ही नहीं बल्कि पूरे एशिया का महान जुलूस माना जाता है, जिसमें लगभग 400 अंजुमनें शरीक होती हैं और 4 लाख लोग शरीक होते हैं 14 किलोमीटर लम्बे इस जुलूस के शांतिपूर्वक उठाने के लिये इंतेज़ामात शुरू हो चुके हैं। इस साल यह जुलूस 8 या 9 अक्तूबर को उठाया जायेगा। जुलूस को अनुशासनात्मक और बीच में अंजुमनों के कारण पैदा होने वाली अव्यवस्था से सुरक्षित रखने के लिये पुलिस अधिकारियों के साथ नगर अध्यक्ष डा. हलीमुल्लाह खां, वरिष्ठ सचिव जुबैर अहमद फारूक़ी, सचिव शारिक़ नवाब, सचिव क़ारी अब्दुल मुईद चौधरी, मौलाना साद खां नदवी, सादिक अमीन ने जुलूस निकलने वाले रास्तों का रूट सर्वे किया। जिसमें नई सड़क से पेचबाग, दादा मियांं चौराहे तक सड़क बहुत ख़राब पाई गई, बाक़ी सड़कों पर भी बहुत गढ्ढे हैं, नवीन मार्केट, कारसेट चौराहा से सद्भावना चौराहे तक की सड़क बहुत खराब है, कंघी मुहाल में बिजली के तार लटकते पाये गये, मदरसा निखट्ठू शाह से लेकर लाल कुआं, रहमानी मार्केट के आगे बाबा स्वीट तक और इधर लाटूश रोड से मेस्टन रोड चौराहे तक कई जगहों पर गढ्ढे हैं, सड़के उखड़ चुकी हैं, पैचवर्क तक नहीं है। जहां पैचवर्क हुआ भी है वहां मिट्टी डाल कर खानापुरी कर दी गई है, सड़क किनारे कूड़े के ढेर हैं। जहां जहां ट्रांसफार्मर हैं उनके किनारे कूड़ा फैला हुआ है, फूलबाग के अन्दर भी कूड़ाघर है लेकिन वहां सड़को पर कूड़ा पड़ा हुआ है। एल.आई.सी की तरफ से फूलबाग़ के अन्दर जाना मुहाल है, बेपनाह गंदगी है। इसके अलावा फूलबाग में बिल्डिंग मैटेरियल पड़ा है, सड़क निर्माणाधीन है, दूसरी तरफ से निकलने वाला रास्ता मलबे के कारण बन्द मिला। पुलिस अधिकारियों ने उन स्थानो को चिन्हित किया जहां बैरिकेटिंग की जायेगी।
इस अवसर पर जमीयत उलेमा के प्रदेश उपाध्यक्ष मौलाना अमीनुल हक़ अब्दुल्लाह क़ासमी ने जुलूस के उद्देश्यो पर प्रकाश डालते हुये कहा कि अधिकारियों ने समय पर सारे काम कराये जाने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि जमीयत उलेमा की टीम जल्द ही एक बार फिर सर्वे करेगी ताकि कोई कमी ना रह जाये।


